सुल्तानपुर: जिले के अखण्डनगर बाजार में बीती रात तेज आंधी और बारिश के चलते कादीपुर मार्ग पर पंचशील जन सेवा केंद्र के सामने नीम का पेड़ गिर गया। पेड़ सड़क पर गिरने से कुछ समय के लिए आवागमन बाधित रहा और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गुरुवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग के स्थानीय कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों ने पेड़ की टहनियों को कटवाकर सड़क से हटवाया, जिसके बाद मार्ग पर आवागमन फिर से शुरू हो सका।
वहीं, कादीपुर मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क किनारे लटकते पेड़ और झाड़ियां अब भी राहगीरों के लिए खतरा बनी हुई हैं। खासकर भारतीय स्टेट बैंक की अखण्डनगर शाखा से ब्लॉक मुख्यालय तक सड़क किनारे पेड़ों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
क्षेत्रीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से सड़क किनारे लटकते पेड़ों की छंटाई और झाड़ियों की साफ-सफाई कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते जरूरी कदम उठाए जाने से भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका को कम किया जा सकता है।





















