सुल्तानपुर के अखण्डनगर थाना क्षेत्र के सरावां गांव में मंगलवार सुबह घर में काम कर रही 26 वर्षीय महिला को विषैले सांप ने काट लिया। घटना के बाद महिला की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर लेकर पहुंचे। घायल महिला की पहचान श्वेता शर्मा पत्नी संदीप शर्मा के रूप में हुई है। अचानक हुई इस घटना से परिवार में चिंता का माहौल है।
परिजनों के मुताबिक श्वेता घर में काम कर रही थीं। इसी दौरान घर में रखी एक बोरी के पीछे छिपे सांप ने उन्हें काट लिया। सर्पदंश के बाद परिजन तुरंत उन्हें सीएचसी अखण्डनगर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. विष्णु स्वरूप यादव ने प्राथमिक उपचार के साथ एंटी स्नेक वेनम दिया। महिला की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल अंबेडकर नगर रेफर कर दिया।
परिजनों का कहना है कि महिला को अस्पताल ले जाने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा पर फोन किया गया था, लेकिन समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके बाद परिवार ने निजी स्कूल के वाहन की मदद ली और महिला को जिला अस्पताल अंबेडकर नगर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
घटना के बाद परिवार के लोग महिला के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने भी घरों में सामान और बोरी आदि रखते समय सावधानी बरतने की बात कही है, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल महिला का इलाज जिला अस्पताल में जारी है और उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।




















