अयोध्या में चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण और चौड़ीकरण की कार्रवाई से प्रभावित परिवारों की समस्याओं को लेकर मंगलवार को विधायक वेद प्रकाश गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित लोगों से मुलाकात कर कार्रवाई की स्थिति जानी और उनके सामने आ रही परेशानियों को सुना। विधायक ने कहा कि जिन परिवारों के मकान और दुकानें कार्रवाई की चपेट में आई हैं, उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
वेद प्रकाश गुप्ता ने बताया कि कार्रवाई को लेकर प्रभावित परिवारों के साथ सोमवार को जिलाधिकारी से मुलाकात की गई थी। मानकों के अनुरूप कार्रवाई नहीं किए जाने के आरोपों की जांच के लिए जिलाधिकारी ने तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है। विधायक के मुताबिक कमेटी पूरे मामले की जांच करेगी और जांच में यदि किसी अधिकारी की लापरवाही या नियमों की अनदेखी सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विधायक ने मौके पर हुई कार्रवाई का जायजा लेने के बाद कहा कि कुछ ऐसी कार्रवाइयां भी हुई हैं, जिन्हें टाला जा सकता था। उन्होंने कहा कि जिन प्रभावित परिवारों के पास फिलहाल रहने की व्यवस्था नहीं है, उनके लिए आवास की व्यवस्था कराने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, जिन लोगों की दुकानें प्रभावित हुई हैं, उनके पुनर्वास की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई। उन्होंने बताया कि इन मुद्दों को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी के साथ फिर बैठक होगी।
विधायक ने कहा कि चौदह कोसी परिक्रमा से पहले मार्ग का निर्माण पूरा करने के उद्देश्य से कार्रवाई की गई है, लेकिन इससे प्रभावित परिवारों को हुई परेशानी का उन्हें दुख है। उन्होंने अधिकारियों से भविष्य में इस तरह की कार्रवाई से पहले प्रभावित लोगों को समय पर जानकारी देने को कहा। देवकाली मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल ने भी कहा कि प्रभावित परिवारों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराने के लिए प्रयास किए जाएंगे।



















