औरैया के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के रहमापुर गांव में मंगलवार को पति-पत्नी के बीच कहासुनी के बाद हड़कंप मच गया। आरोप है कि शराब के नशे में पति ने पत्नी को गोद में उठाकर छत से नीचे छलांग लगा दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों और आसपास के लोगों ने आनन-फानन में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज चिचैली रेफर कर दिया।
बताया गया कि इटावा जिले के सैफई थाना क्षेत्र के गणेशपुरा निवासी दीपू पुत्र लज्जाराम (37) की करीब 14 वर्ष पहले रहमापुर निवासी रामलाल की बेटी पूजा (35) से शादी हुई थी। दंपति के दो बच्चे गोलू (9) और अंशी (13) हैं। इन दिनों पूजा अपने बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। सोमवार शाम दीपू एक चालक के साथ कार से ससुराल पहुंचा था। मंगलवार दोपहर बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान दीपू शराब के नशे में था। बताया जा रहा है कि पूजा घर की छत पर अपनी भाभी के साथ बैठी थी, तभी दीपू ने उसे गोद में उठा लिया और छत से नीचे छलांग लगा दी। हादसे में पूजा के कमर और बाएं कंधे में गंभीर चोटें आईं, जबकि दीपू भी घायल हो गया। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज चिचैली रेफर किया गया।
घटना के बाद दीपू के साथ आया चालक कार लेकर मौके से चला गया। जानकारी मिलने पर पूजा के भाई और मां भी मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक हादसे की परिस्थितियों और पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के कारणों की भी जांच की जा रही है।





















