औरैया। फफूंद कस्बे के होमगंज बाजार स्थित गल्ला मंडी में सोमवार तड़के शॉर्ट सर्किट से एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान में आग लग गई। दुकान के अंदर से धुआं उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर दुकान स्वामी मौके पर पहुंचे और पड़ोसियों की मदद से शटर खोलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
गोविंदगंज मोहल्ला निवासी सुमित कोष्टा पुत्र महादेव कोष्टा की होमगंज गल्ला मंडी में महालक्ष्मी रेडीमेड गारमेंट्स के नाम से दुकान है। रविवार रात वह दुकान बंद करके घर चले गए थे। सोमवार तड़के करीब तीन बजे आसपास के लोगों ने दुकान के अंदर से धुआं उठता देखा और तत्काल सुमित को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे दुकान स्वामी ने देखा कि दुकान के अंदर आग की लपटें उठ रही थीं।
आसपास के लोगों ने तत्काल दुकान का शटर खोलकर आग बुझाने का प्रयास किया। समय रहते आग पर काबू पा लेने से आसपास की अन्य दुकानें इसकी चपेट में आने से बच गईं। हालांकि, दुकान में रखे रेडीमेड कपड़े और अन्य सामान का बड़ा हिस्सा जलकर नष्ट हो गया। दुकान स्वामी सुमित कोष्टा के मुताबिक, आग से करीब आठ लाख रुपये का सामान जल गया है। उन्होंने आशंका जताई कि दुकान में लगे केबल में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी।
घटना की जानकारी मिलने पर लेखपाल विमलेश मोहन मौके पर पहुंचे और आग से हुए नुकसान का जायजा लिया। दुकान स्वामी ने बताया कि यदि आसपास के लोगों को समय रहते आग की जानकारी नहीं मिलती और वे आग बुझाने में मदद नहीं करते तो आसपास की अन्य दुकानें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।





















