अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देश पर जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए विभिन्न विभागों की ओर से कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बीकापुर तहसील के साल्हीपुर निवासी की शिकायत पर जांच के बाद उचित दर विक्रेता धनंजय सिंह की दुकान का अनुबंध निरस्त कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पूर्ति निरीक्षक हरिंग्टनगंज की जांच में अनियमितता सामने आने के बाद पहले दुकान का अनुबंध निलंबित कर स्पष्टीकरण मांगा गया और जवाब की समीक्षा के बाद उसे निरस्त कर दिया गया।
जनसुनवाई में सीवर लाइन के खुले गड्ढे, नाली की निकासी और सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतों पर भी कार्रवाई हुई। सदर तहसील के प्रभाकर नगर कॉलोनी में सीवर चेंबर का निर्माण कर ढक्कन लगवाया गया। बीकापुर के अचनकापुर घूरीटीकर में राजस्व टीम ने पैमाइश के बाद नाली निकासी की समस्या दूर कराई। मिल्कीपुर के पंडुकिया में न्यायालय के अधीन हिस्से को छोड़कर नाली खुलवाई गई। वहीं, कछौली में सरकारी सिंचाई नाली से अतिक्रमण हटवाया गया और ईंटगांव में श्मशान भूमि पर लगी तारबंदी खुलवाकर जमीन को कब्जामुक्त कराया गया।
सरकारी जमीन और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी अन्य शिकायतों पर भी संबंधित विभागों ने कार्रवाई की। बृजकिशोर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सामने सड़क की पटरी पर रखा टिनशेड हटवाया गया। बीकापुर के धनेथुआ में विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर को खेत से सड़क किनारे शिफ्ट किया गया। तारून के ककोली में विद्युत तार हटवाने के बाद सूखे अर्जुन के पेड़ को कटवाया गया। सोहावल के डड़वा में खतरनाक पेड़ की डाल हटवाकर विद्युत तार व्यवस्थित किए गए, जबकि परूवा बसंतपुर में लटकते बिजली के तारों को ठीक कराया गया।
इसके अलावा मिल्कीपुर के हिसामुद्दीनपुर की एक महिला को शिकायत के बाद उपयुक्त आवास उपलब्ध कराया गया। मिर्जापुर समसुद्दीनपुर में सड़क और नाली निर्माण का कार्य पूरा कराया गया, जबकि देवकाली रोड पर कर निर्धारण अभिलेख से जुड़ी शिकायत का समाधान किया गया। सोहावल के कैल में राजस्व अभिलेखों में अंश निर्धारण की त्रुटि को ठीक किया गया। वहीं, दोस्तपुर में राजस्व संहिता के तहत पारित आदेश के अनुपालन में मौके पर खूंटा गड़वाया गया। जिलाधिकारी ने जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।





















