चोपन/सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के सिंदुरिया गांव में बीती रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर के बरामदे में खड़ी मोटरसाइकिल और जनरेटर का अल्टीनेटर चोरी कर ले गए। आरोप है कि वारदात के दौरान चोरों ने परिवार के सदस्यों को कमरे से बाहर निकलने से रोकने के लिए दरवाजे पर बाहर से कुंडी लगा दी थी। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, सिंदुरिया निवासी अशोक मिश्रा पुत्र स्वर्गीय त्रिभुवन राम मिश्रा के घर में परिवार के लोग रात में सो रहे थे। बताया जा रहा है कि रात करीब दो बजे चोर घर में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बरामदे में रखी मोटरसाइकिल को उठा लिया और जनरेटर का अल्टीनेटर भी खोलकर अपने साथ ले गए। रात में अशोक मिश्रा की नींद खुली और वह बाथरूम जाने के लिए उठे। उन्होंने जब कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। उन्होंने आवाज देकर परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया। जांच करने पर पता चला कि दरवाजे पर बाहर से कुंडी लगी थी।
परिजनों ने किसी तरह घर के पीछे का दरवाजा खोला और बाहर निकले। बाहर आने पर बरामदे में रखी मोटरसाइकिल गायब मिली। वहीं जनरेटर का अल्टीनेटर भी खोलकर ले जाया जा चुका था। इसके बाद घटना की सूचना तत्काल चोपन थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक पूछताछ के बाद वापस लौट गई।
नदी की ओर खेत में मिली चोरी गई मोटरसाइकिल
सुबह घर से कुछ दूरी पर नदी की ओर खेत में एक मोटरसाइकिल पड़ी होने की जानकारी ग्रामीणों को हुई। इसकी सूचना पीड़ित परिवार को दी गई। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने बाइक की पहचान अपनी मोटरसाइकिल के रूप में की। हालांकि, बाइक से जनरेटर का अल्टीनेटर गायब था। आशंका जताई जा रही है कि चोर मोटरसाइकिल को कुछ दूरी तक ले जाने के बाद उसे नदी की ओर खेत में छोड़कर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लगातार चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत
ग्रामीणों का कहना है कि सिंदुरिया क्षेत्र में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। पिछले 10 से 15 दिनों के दौरान भी चोरी की कई घटनाएं होने की बात सामने आ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार घटनाएं होने के बावजूद अभी तक पूर्व की चोरी की वारदातों का खुलासा नहीं हो सका है। लगातार चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय के साथ आक्रोश भी बढ़ रहा है। लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए क्षेत्र में रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया गया तो भविष्य में बड़ी वारदात हो सकती है। उन्होंने पुलिस से पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने, संदिग्धों की पहचान कर कार्रवाई करने और गांव में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। सिंदुरिया और आसपास के गांवों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों की नजर अब पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था पर टिकी हुई है।






