अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा ज्योति यात्रा में शामिल होंगे। यात्रा में जिलेभर से सरकारी योजनाओं के लाभार्थी और भाजपा कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत सहादतगंज स्थित फॉरएवर लॉन से होगी, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के बाद कार्यकर्ता और लाभार्थी सेवा ज्योति के साथ पदयात्रा करते हुए रामपथ तक पहुंचेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को सर्किट हाउस में जिला प्रभारी एवं विधान परिषद सदस्य अनूप गुप्ता की मौजूदगी में भाजपा पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों को अंतिम रूप दिया गया।
जिला प्रभारी अनूप गुप्ता ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सहभागिता से अभियान को और व्यापक बनाया जाएगा। उन्होंने पदाधिकारियों से सभी तैयारियां समय से पूरी करने और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि अयोध्या में सेवा ज्योति यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है और इसमें लाभार्थियों व पार्टी कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी रहेगी। तैयारी बैठक में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, अमित सिंह चौहान, चंद्रभानु पासवान, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, जिला पंचायत प्रशासक आलोक सिंह रोहित और विधायक प्रतिनिधि अमल गुप्ता समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।





















