बहराइच। जिले में हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए 26 सितंबर 2026 को कक्षा एक से आठवीं तक के सभी विद्यालयों में शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के मुताबिक, जिले के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में शनिवार को पढ़ाई नहीं होगी। इसके साथ ही सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड से संचालित स्कूलों में भी शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा।
आदेश के दायरे में मदरसे और अन्य बोर्डों के अंतर्गत संचालित कक्षा एक से आठ तक के विद्यालय भी शामिल हैं। प्रशासन ने यह निर्णय छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी संबंधित विद्यालयों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। भारी बारिश और खराब मौसम की आशंका के बीच विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया है।





















