अयोध्या। कोटसराय के समीप रायपुर बाग में अनंत चतुर्दशी पर्व पर लगने वाला प्रसिद्ध रायपुर मेला शुरू हो गया है। लकड़ी के कारोबार और हस्तशिल्प के लिए मशहूर यह मेला करीब एक महीने तक चलेगा। मेले का शुभारंभ चेयरमैन धर्मेंद्र प्रताप सिंह उर्फ टिल्लू की मौजूदगी और देखरेख में हुआ।
मेले की शुरुआत विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ की गई। कई दशकों तक मेले के प्रबंधक रहे वीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ बुढ़ई सिंह के निधन के बाद इस बार मेले का आयोजन उनकी अनुपस्थिति में किया जा रहा है। इस मौके पर चेयरमैन धर्मेंद्र प्रताप सिंह टिल्लू ने बताया कि रायपुर मेला हर साल अनंत चतुर्दशी से शुरू होता है और लगभग एक महीने तक चलता है।
रायपुर मेले में उत्तर प्रदेश के दर्जनों जिलों के साथ-साथ दूसरे राज्यों से भी व्यापारी पहुंचते हैं। यहां लकड़ी के कारोबारियों के अलावा मिठाई, झूले और अन्य सामान के व्यापारी भी अपनी दुकानें लगाते हैं। मेले में आने वाले व्यापारियों और ग्राहकों की वजह से पूरे इलाके में रौनक बनी रहती है।
लकड़ी के कारोबार के लिए रायपुर मेला सैकड़ों वर्षों से उत्तर प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाए हुए है। यहां लकड़ी से बने फर्नीचर की खरीदारी के लिए स्थानीय लोगों के साथ दूर-दराज के इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। एक महीने तक चलने वाले इस मेले में फर्नीचर और अन्य सामान की खरीदारी के साथ लोगों को मेले की पारंपरिक रौनक का आनंद लेने का मौका मिलेगा।





















