मोहनलालगंज: डेढ़ करोड़ की कृषि भूमि के फर्जी बैनामे कराने वाला आरोपी गिरफ्तार
अमृत उजाला न्यूज़ | मोहनलालगंज (लखनऊ)
लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र के सिसेंडी में करोड़ों रुपये के चर्चित भूमि फर्जीवाड़े मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फर्जी पहचान के आधार पर करीब ₹1.5 करोड़ मूल्य की कृषि भूमि के बैनामे कराने वाले आरोपी हरीलाल को पुलिस ने आजमगढ़ से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने कई अहम खुलासे किए हैं, जिसके बाद अन्य आरोपियों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सिसेंडी निवासी आशीष कुमार गुप्ता की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में आरोप है कि गांव की विभिन्न गाटा संख्याओं की कृषि भूमि राजस्व अभिलेखों में सुरेश कुमार के नाम दर्ज थी, लेकिन उसी नाम का फर्जी व्यक्ति खड़ा कर जमीन के हिस्सों का दूसरे लोगों के नाम बैनामा करा दिया गया।
इस मामले में पुलिस ने पूर्व प्रधान राजेश कुमार जायसवाल, उनके बेटे अमन जायसवाल, सन्नो खान, मो. इजहार खान, वीरेंद्र वर्मा, सुनील कुमार, वासु शुक्ला तथा खुद को सुरेश कुमार बताने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
आजमगढ़ से हुई गिरफ्तारी
इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि फर्जी सुरेश कुमार बनकर बैनामा करने वाला व्यक्ति आजमगढ़ जिले के रस्तीपुर, श्रवण गांव का निवासी हरीलाल है। पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर मोहनलालगंज लाकर पूछताछ की।
₹15 हजार के लालच में किया फर्जीवाड़ा
पूछताछ में हरीलाल ने बताया कि उसने पूर्व प्रधान राजेश कुमार जायसवाल के कहने पर और रुपये के लालच में फर्जी बैनामे किए। इसके बदले उसे केवल ₹15 हजार मिले, जबकि जिन कृषि भूमि के बैनामे किए गए उनकी कीमत करीब ₹1.5 करोड़ बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी अब तक छह फर्जी बैनामों पर हस्ताक्षर करने की बात स्वीकार कर चुका है। पूछताछ में उसने फर्जीवाड़े से जुड़े कुछ अन्य प्रभावशाली लोगों के नाम भी बताए हैं, जिनकी भूमिका की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जांच आगे बढ़ाई जा रही है।






