पति समेत पांच ससुरालियों पर दहेज हत्या का मुकदमा
अमृत उजाला न्यूज़ | पीडीडीयू नगर (चंदौली)
चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के कचमन गांव में शनिवार देर रात एक 23 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के कमरे में पंखे से साड़ी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कचमन गांव निवासी राहुल कुमार की पत्नी रोशनी (23) का शव शनिवार देर रात कमरे में फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों ने बताया कि रोशनी की शादी वर्ष 2023 में झांसी निवासी कपिल देव प्रसाद की पुत्री के रूप में राहुल कुमार से हुई थी। दंपती का 11 माह का एक बेटा भी है।
बताया जा रहा है कि शनिवार शाम राहुल कुमार ड्यूटी से घर लौटे थे। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। बिजली न होने के कारण राहुल अपने बेटे को लेकर छत पर सोने चले गए। उन्होंने बताया कि रोशनी ने भी कुछ देर बाद छत पर आने की बात कही थी।
कुछ समय बाद जब राहुल की नींद खुली और वह नीचे कमरे में पहुंचे तो रोशनी का शव साड़ी के फंदे से लटका मिला। परिजन तत्काल उन्हें फंदे से उतारकर मुगलसराय के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति राहुल कुमार सहित ससुराल पक्ष के पांच लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष गगन राज सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।







