ग्राम प्रधान पर मुकदमा दर्ज
बाराबंकी। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सहादरगंज में विद्युत आपूर्ति बहाल कराने पहुंचे एक संविदा लाइनमैन के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घायल लाइनमैन की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, गाली-गलौज और मारपीट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित नन्हेलाल, निवासी ग्राम पिपरिहा मजरे भवनियापुर खेवली, ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र दुल्हदेपुर में संविदा लाइनमैन के पद पर कार्यरत हैं। उनके अनुसार 25 जून की रात करीब 10 बजे सहादरगंज गांव में बिजली आपूर्ति बाधित होने की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे थे।
जांच के दौरान पता चला कि 10 केवी ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी और पेड़ गिरने के कारण पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई थी। नन्हेलाल का कहना है कि वह मरम्मत कार्य कराने और रास्ता साफ कराने में जुटे थे, तभी ग्राम प्रधान प्रेम नारायण यादव मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त उपभोक्ताओं के कनेक्शन दूसरे ट्रांसफार्मर से जोड़ने का दबाव बनाने लगे।
लाइनमैन के मुताबिक, तकनीकी कारणों तथा ट्रांसफार्मर पर ओवरलोड की आशंका को देखते हुए उन्होंने ऐसा करने से मना कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज होकर ग्राम प्रधान ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट कर दी, जिससे उनके बाएं कान और कंधे में चोटें आईं।
पीड़ित ने बताया कि किसी तरह वह मौके से निकलकर अन्य विद्युत कर्मियों की सहायता से मरम्मत कार्य पूरा कराने में सफल रहे और क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बहाल कराई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर द्विवेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर ग्राम प्रधान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।








