राहुल गांधी का सवाल- सीईसी हमसे क्यों नहीं मिल रहे, 300 सांसदों को क्यों रोका जा रहा?
नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में मंगलवार को INDIA गठबंधन के सांसदों ने संसद से चुनाव आयोग कार्यालय की ओर मार्च किया। पुलिस ने मार्च को रास्ते में रोक दिया, जिसके बाद राहुल गांधी समेत विपक्षी सांसद सड़क पर धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष लोकतंत्र बचाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से विपक्षी सांसदों से मिलने की मांग की।
राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि जब बड़ी संख्या में निर्वाचित सांसद चुनाव आयुक्तों से मिलने की कोशिश कर रहे हैं तो उन्हें मिलने का मौका क्यों नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का काम निष्पक्ष तरीके से चुनाव कराना है और चुने हुए जनप्रतिनिधियों से संवाद होना चाहिए।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि करीब 300 सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों से मिलने के लिए आगे बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का कार्यालय प्रदर्शन स्थल से थोड़ी दूरी पर है, इसके बावजूद सांसदों को वहां जाने की अनुमति नहीं दी गई।
उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र का क्या अर्थ रह जाता है, अगर चुनाव आयोग चुने हुए प्रतिनिधियों से ही मुलाकात नहीं करता। राहुल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सवाल उठाते हुए उनके इस्तीफे की मांग भी दोहराई। मंगलवार को अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने लिखा, “ज्ञानेश, इट्स डन ब्रो। टाइम टू रिजाइन।”
प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं ने पुलिस बैरिकेड पार करने की कोशिश भी की। बाद में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।
विपक्ष का आरोप है कि SIR के दौरान मतदाता सूची में गड़बड़ियां की गई हैं और इससे बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम प्रभावित हुए हैं। इसी मुद्दे को लेकर INDIA गठबंधन मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया को वापस लेने की मांग कर रहा है। चुनाव आयोग और भाजपा विपक्ष के इन आरोपों को खारिज करते रहे हैं और SIR को मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया बताते हैं।
भाजपा ने प्रदर्शन को लेकर विपक्ष पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया है कि कांग्रेस और INDIA गठबंधन संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इस मुद्दे पर राजनीतिक टकराव लगातार बढ़ता जा रहा है।





















