ब्लैक स्पॉट्स पर तुरंत होंगे सुरक्षा इंतजाम
अम्बेडकरनगर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों में घायल लोगों की ‘गोल्डन आवर’ के दौरान मदद करने वाले नागरिकों को राहबीर योजना के तहत सम्मानित किया जाए।
डीएम ने सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को निर्देश दिया कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति का नाम और मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए, ताकि पात्र लोगों को योजना का लाभ मिल सके।
बैठक में जनपद के सभी ब्लैक स्पॉट्स पर चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, स्पीड ब्रेकर, कैट्स-आई, क्रैश बैरियर सहित अन्य सड़क सुरक्षा उपकरण प्राथमिकता के आधार पर लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही दुर्घटना संभावित स्थलों पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीएम ने एआरटीओ को सभी स्कूल बसों और स्कूली वाहनों की फिटनेस, परमिट, चालक की पात्रता और सुरक्षा मानकों का शीघ्र सत्यापन कर शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।








