लापरवाही पर दी सख्त चेतावनी
अम्बेडकरनगर। टाण्डा थाने में आयोजित थाना दिवस के दौरान जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने संयुक्त रूप से फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उनके निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से भूमि विवाद, पारिवारिक मामलों और अन्य संवेदनशील प्रकरणों में मौके पर पहुंचकर गहन जांच करने तथा विधिक प्रावधानों के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले का समाधान नियमानुसार और निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित और प्रभावी न्याय मिल सके।
थाना दिवस के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि जनता की शिकायतों के निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।








