बहराइच। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विधायक नानपारा राम निवास वर्मा के साथ नानपारा तहसील क्षेत्र स्थित पौराणिक कालीकुण्डा मंदिर का निरीक्षण किया। मंदिर परिसर में पर्यटन विभाग की ओर से कराए जा रहे तालाब के विकास कार्यों का जायजा लेते हुए उन्होंने मौके पर निर्माण की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी नानपारा और अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद नानपारा को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी प्रत्येक सप्ताह मौके पर जाकर कार्य की प्रगति की समीक्षा करें और निर्माण में इस्तेमाल हो रही सामग्री की गुणवत्ता भी परखें, ताकि काम मानकों के अनुरूप पूरा हो सके।
पिछले माह क्षेत्र में जलभराव की सामने आई समस्या को लेकर भी डीएम ने अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने नवनिर्मित नाले को पुराने नाले से जोड़ने के लिए आवश्यक एनओसी प्राप्त करने की प्रक्रिया तत्काल पूरी कराने को कहा। साथ ही निर्माण कार्य की समय-समय पर समीक्षा करते रहने के निर्देश दिए, जिससे भविष्य में जलनिकासी को लेकर किसी तरह की परेशानी न हो।
इस दौरान उपजिलाधिकारी प्रकाश सिंह समेत अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति पर नजर बनाए रखने और तय समय में कार्य पूरा कराने पर जोर दिया।





















