बहराइच। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने तहसील नानपारा का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की व्यवस्थाओं और विभिन्न पटलों पर चल रहे कामकाज का जायजा लिया। अचानक हुए निरीक्षण से तहसील परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल रही। डीएम ने राजस्व लिपिक पटल का निरीक्षण करते हुए पाया कि कुछ आख्याएं पिछले दो माह से लंबित हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन आख्याओं को तत्काल प्रेषित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने तहसीलदार नानपारा के न्यायालय का निरीक्षण किया। यहां एक और तीन वर्ष की कोई वाद पत्रावली लंबित नहीं मिली, जिस पर डीएम ने संतोष जताया। खतौनी वितरण पटल पर पहुंचकर उन्होंने वहां खतौनी की नकल लेने आए लोगों से सीधे जानकारी ली कि उन्हें खतौनी कितने रुपये में उपलब्ध कराई जा रही है। मौजूद लोगों ने बताया कि खतौनी की नकल 15 रुपये में दी जा रही है।
डीएम ने भूलेख अनुभाग का भी निरीक्षण किया और लेखपालों व चेनमैन की सेवा पुस्तिकाओं तथा जीपीएफ पासबुक की जांच की। सभी प्रविष्टियां पूर्ण मिलने पर व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। जनगणना कक्ष का निरीक्षण करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनगणना से जुड़े कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था भी देखी और बेसिन का नल खुलवाकर पानी की उपलब्धता जांची, जहां पानी आता हुआ मिला।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने उपजिलाधिकारी नानपारा को जनता दर्शन में प्राप्त होने वाले सभी प्रार्थना-पत्रों को अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसील परिसर की साफ-सफाई और पारदर्शिता पर संतोष जताया। निरीक्षण के अंत में तहसील बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने तहसील में दो अतिरिक्त नायब तहसीलदारों की तैनाती की मांग रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी प्रकाश सिंह सहित तहसील प्रशासन के अधिकारी और पटल सहायक मौजूद रहे।





















