1 सितंबर से डिम्पी गर्ग संभालेंगे जिम्मेदारी
चंदौली। भारतीय रेलवे में वरिष्ठ प्रशासनिक फेरबदल के तहत पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) के नए महाप्रबंधक (जीएम) के रूप में डिम्पी गर्ग की नियुक्ति की गई है। वर्तमान में नॉर्दर्न रेलवे में प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता (पीसीएमई) के पद पर कार्यरत डिम्पी गर्ग 1 सितंबर 2026 को हाजीपुर स्थित पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय में पदभार ग्रहण करेंगे।
डिम्पी गर्ग भारतीय रेलवे सर्विस ऑफ मैकेनिकल इंजीनियर्स (IRSME) के 1990 बैच के वरिष्ठ अधिकारी हैं। अप्रैल 2026 में कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) द्वारा वर्ष 2026 के पैनल वर्ष के लिए जनरल मैनेजर (लेवल-16) पद हेतु तैयार किए गए 16 वरिष्ठ अधिकारियों के पैनल में उनका नाम शामिल किया गया था।
डिम्पी गर्ग को रेलवे प्रशासन और यांत्रिक अभियांत्रिकी का लंबा अनुभव है। वे नॉर्दर्न रेलवे में पीसीएमई के अलावा दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), रेलवे बोर्ड में कार्यकारी निदेशक समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। रोलिंग स्टॉक प्रबंधन, परिचालन दक्षता और रेलवे आधुनिकीकरण के क्षेत्र में उनकी विशेषज्ञता को देखते हुए उन्हें पूर्व मध्य रेलवे जैसे महत्वपूर्ण जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पूर्व मध्य रेलवे का कार्यक्षेत्र बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों तक फैला हुआ है। यह भारतीय रेलवे के सबसे व्यस्त जोनों में शामिल है, जहां यात्री और माल परिवहन दोनों का व्यापक संचालन होता है। ऐसे में नए महाप्रबंधक के रूप में डिम्पी गर्ग से सुरक्षा, यात्री सुविधाओं, माल ढुलाई और आधारभूत संरचना के आधुनिकीकरण को गति मिलने की उम्मीद है।
वर्तमान में पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह हैं। डिम्पी गर्ग के कार्यभार संभालने के साथ ही जोन में नए नेतृत्व की शुरुआत होगी। रेलवे हलकों में इस नियुक्ति को आईआरएसएमई कैडर के अधिकारियों को जोनल स्तर पर अधिक जिम्मेदारियां दिए जाने के रूप में देखा जा रहा है।






