अलीगंज। कोतवाली अलीगंज क्षेत्र में कलिंजर और विथरा गांव के बीच रविवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घायल की पहचान रूम सिंह (23) पुत्र कृपाल सिंह निवासी तुंगई, थाना नयागांव, जनपद एटा के रूप में हुई है। बताया गया कि रविवार शाम करीब 7:45 बजे वह बाइक से जा रहा था। इसी दौरान कलिंजर और विथरा गांव के बीच किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रूम सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी अलीगंज भेजा। चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। कोतवाली अलीगंज के दरोगा कपिल कुमार ने बताया कि हादसे में क्षतिग्रस्त बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। घायल युवक को सीएचसी अलीगंज भेजा गया था, जहां से चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर किया है। अज्ञात वाहन और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दिलीप सिंह, अलीगंज, एटा






