Gaza War: गाजा में जारी युद्ध के बीच इजरायल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतमर बेन-ग्विर के एक बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, बेन-ग्विर ने गाजा में हर रात दर्जनों लोगों को निशाना बनाए जाने की बात कही। उनका यह बयान सामने आने के बाद उनकी कड़ी आलोचना हो रही है। यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब गाजा में जारी संघर्ष के बीच युद्धविराम को लेकर कूटनीतिक प्रयास भी चल रहे हैं।
बेन-ग्विर ने क्या कहा?
रिपोर्ट के अनुसार, बेन-ग्विर ने पूर्व बंधक रोम ब्रास्लाव्स्की के साथ एक पॉडकास्ट बातचीत में गाजा में इजरायली सैन्य कार्रवाई को लेकर अपनी राय रखी। उन्होंने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की रणनीति से असहमति जताते हुए कहा कि गाजा में हमलों की तीव्रता कम नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कथित तौर पर हर रात 30 से 40 लोगों को निशाना बनाने की वकालत की और कहा कि कार्रवाई केवल उन लोगों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, जिन्हें तत्काल खतरा माना जाता है। उनके इस बयान को फलस्तीनी मीडिया में प्रमुखता से प्रसारित किया गया।
पहले भी विवादों में रहे हैं बेन-ग्विर
इतमर बेन-ग्विर इजरायल सरकार के उन नेताओं में शामिल हैं, जिनके बयानों को लेकर पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विवाद हो चुका है। गाजा में इजरायल की सैन्य कार्रवाई को लेकर उनके और अन्य इजरायली अधिकारियों के बयानों की आलोचना होती रही है। कुछ ऐसे बयानों को गाजा में नरसंहार के आरोपों से जुड़े मामलों में अंतरराष्ट्रीय अदालत के समक्ष भी उठाया गया है। हालांकि, इजरायल इन आरोपों को खारिज करता रहा है। बेन-ग्विर के पास इजरायली सेना को सीधे सैन्य हमले का आदेश देने का अधिकार नहीं है। हालांकि, राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री के तौर पर उनके पास पुलिस और जेल व्यवस्था समेत सुरक्षा तंत्र के महत्वपूर्ण हिस्सों की जिम्मेदारी है।
गाजा में युद्धविराम के लिए कूटनीतिक कोशिशें तेज
इस बीच गाजा में संघर्ष रोकने के लिए कूटनीतिक गतिविधियां भी तेज हुई हैं। अमेरिकी वार्ताकार और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर ने हमास के प्रमुख नेताओं में शामिल खलील अल-हय्या से मुलाकात की है। बताया जा रहा है कि बैठक का मकसद अमेरिका की ओर से प्रस्तावित 15 सूत्री योजना को आगे बढ़ाना है। इस योजना में हमास से हथियार छोड़ने और इजरायल से युद्ध से तबाह गाजा से अपनी सेना वापस बुलाने की बात शामिल है। बैठक में मिस्र, कतर और तुर्किये के प्रतिनिधियों के शामिल होने की भी जानकारी सामने आई है। कुशनर की आगे इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात होने की बात कही जा रही है।
लेबनान में भी बढ़ा तनाव
गाजा के अलावा इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच भी तनाव बढ़ने की खबर है। दक्षिणी लेबनान में इजरायली हवाई हमले के बाद हालात फिर तनावपूर्ण हो गए हैं। इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने आरोप लगाया कि हिजबुल्लाह ने संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए इजरायली सैनिकों पर हमला किया, जिसमें तीन सैनिक गंभीर रूप से घायल हुए। इसके बाद इजरायली सेना ने हिजबुल्लाह के एक ठिकाने को निशाना बनाया। इस तरह गाजा और लेबनान, दोनों मोर्चों पर तनाव के बीच युद्धविराम और कूटनीतिक समाधान की कोशिशों पर दुनिया की नजर बनी हुई है।






















