लावारिस मिली साइकिल और खेत में मिली चप्पल
स्कूल से लौटने के बाद नई साइकिल लेकर निकला था वैभव वर्मा, सूचना मिलते ही पुलिस ने शुरू किया सघन तलाश अभियान
गोरखपुर। जिले के खजनी कस्बे में एक स्वर्ण व्यवसायी का 10 वर्षीय पोता संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। बच्चे की पहचान वैभव वर्मा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही खजनी पुलिस ने युद्ध स्तर पर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, वैभव वर्मा सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे स्कूल से घर लौटा था। घर पहुंचकर उसने अपना स्कूल बैग रखा और कपड़े बदले। उसकी दादी ने उसे खाना खाने के लिए कहा, लेकिन वैभव अपनी नई साइकिल लेकर घर के पास ही एक चक्कर लगाने की बात कहकर निकल गया।
कुछ देर बाद वैभव के पिता हनुमान वर्मा को सूचना मिली कि बच्चे की साइकिल लावारिस अवस्था में पड़ी हुई है। साइकिल से कुछ दूरी पर खाली खेत में वैभव के एक पैर की चप्पल भी मिली। इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी खजनी मनीष कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही दर्जनों पुलिसकर्मियों की टीम आसपास के गांवों और खेतों में बच्चे की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। फिलहाल बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका है और तलाश अभियान लगातार जारी है।







