स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प को मिलेगा बढ़ावा, मिट्टी के बर्तनों से लेकर खादी व ओडीओपी उत्पादों तक के लगे स्टॉल
श्रावस्ती। भिनगा के रामलीला मैदान स्थित ठाकुरद्वारा में बुधवार को तीन दिवसीय सरस मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद ने फीता काटकर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। मेले में स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं।
सरस मेले में मिट्टी के बर्तन, हस्तशिल्प, खादी वस्त्र, ड्राई फ्रूट्स, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) सहित विभिन्न स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की व्यवस्था की गई है। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को स्थानीय स्तर पर तैयार गुणवत्तापूर्ण उत्पादों को देखने और खरीदने का अवसर मिल रहा है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा कि सरस मेले का मुख्य उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करना, पारंपरिक कारीगरों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना और छोटे उद्यमियों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना है। ऐसे आयोजन स्थानीय हुनर को पहचान दिलाने के साथ ही स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा देते हैं।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से मेले में पहुंचकर स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करने तथा स्थानीय कारीगरों एवं छोटे उद्यमियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की। मेला 4 से 6 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है। मेले में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क है।




















