मैजिक लोडर में लादकर ले जा रहे थे पशु, ग्रामीणों ने वाहन रोककर पकड़ा; पुलिस ने आरोपितों को किया गिरफ्तार
चंदौली। चकिया थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव में पशु चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की गई एक भैंस और एक पड़िया बरामद की गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मैजिक लोडर को भी कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, छह नवंबर को मुबारकपुर गांव निवासी एक व्यक्ति की भैंस और पड़िया खूंटे से चोरी हो गई थीं। आरोप है कि अनिल चौहान और काजू दोनों पशुओं को मैजिक लोडर (यूपी 67 एटी 5184) में लादकर ले जा रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों को संदेह हुआ तो उन्होंने वाहन रोककर पूछताछ शुरू कर दी। पशु स्वामी के मौके पर पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने दोनों आरोपितों को चोरी के पशुओं और मैजिक लोडर समेत पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में चकिया पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान अनिल चौहान (21) निवासी मलहर और काजू (20) निवासी भरेहटाकला, थाना चकिया के रूप में हुई है। पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 288/26 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) और 317(2) में मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक इन्द्रासन यादव और कांस्टेबल शुभम तिवारी शामिल रहे।




















