सरोजनीनगर, लखनऊ। गौरी स्थित हीरालाल यादव लॉ कॉलेज में शनिवार को नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत में ‘आगम-2026’ के तहत नवागंतुक स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं हीरालाल यादव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के चेयरमैन राम सिंह यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को खुशनुमा बना दिया। वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नए साथियों का स्वागत करते हुए उन्हें कॉलेज की परंपराओं, अनुशासन और शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराया।
समारोह में एलएलबी (त्रिवर्षीय) और एलएलबी (पंचवर्षीय) पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों ने सामूहिक मंच प्रस्तुतियों के साथ परिचय सत्र में भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इसके बाद आयोजित ‘मिस्टर एवं मिस फ्रेशर’ प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। निर्णायकों के प्रश्नोत्तर सत्र के बाद एलएलबी (त्रिवर्षीय) में सूरज कुमार गुप्ता को मिस्टर फ्रेशर और आरोही चिरवाल को मिस फ्रेशर चुना गया। वहीं एलएलबी (पंचवर्षीय) में अजय विक्रम सिंह को मिस्टर फ्रेशर और माही कश्यप को मिस फ्रेशर का खिताब मिला।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के मनोरंजन के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी कराई गईं, जिनमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रबंधन की ओर से नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। समारोह के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं और प्रतिभा प्रदर्शन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में इं. अनुराग, इं. तनुष्का, डॉ. संजीव कुमार, डॉ. मनोज कुमार, ममता श्रीवास्तव, शिवांगी सिंह, प्रतिभा पाण्डेय और नीतू रस्तोगी मौजूद रहीं।
समारोह के अंत में प्राचार्य ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरे आयोजन में नए विद्यार्थियों के चेहरे पर उत्साह और कॉलेज जीवन की नई शुरुआत की खुशी साफ नजर आई। ‘आगम-2026’ ने नवागंतुकों को न सिर्फ कॉलेज परिवार से जोड़ने का अवसर दिया, बल्कि उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने और नए साथियों के साथ यादगार शुरुआत करने का मंच भी दिया।




















