ख़ुशी फाउंडेशन व दिशा एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में पीएसआई इंडिया के सहयोग से सेवा शिखर सम्मान समारोह आयोजित
समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए ऐसे आयोजन जरूरी : प्रो. संजय द्विवेदी
लखनऊ। ख़ुशी फाउंडेशन और दिशा एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पी. एस. आई. इंडिया) के सहयोग से शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय बौद्ध संस्थान के सभागार में विशेष सेवा शिखर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में कला-संस्कृति, चिकित्सा, खेल, समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण, पत्रकारिता आदि क्षेत्रों की महान विभूतियों को सेवा शिखर और सेवा गौरव सम्मान से नवाजा गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लखनऊ पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के विधायक ओ. पी. श्रीवास्तव रहे। समारोह की अध्यक्षता भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), नई दिल्ली के पूर्व महानिदेशक प्रो. (डॉ.) संजय द्विवेदी ने की।
प्रो.संजय द्विवेदी ने कहा कि हमें नया समाज दर्शन भी चाहिए जिसमें राजनीति नहीं ‘लोक’ केंद्र में हो। समाज का दर्शन और राजनीति का दर्शन अलग-अलग है। राजनीति का काम विखंडन है, जबकि समाज जुड़ना चाहता है। उन्होंने कहा कि राजनीति समाज को लड़ाकर, कड़वाहटें पैदाकर अपने लक्ष्य संधान करती है। ऐसे में राजनीति और समाज में अंतर करने की जरूरत है। इसके लिए समाज को ही शक्ति केंद्र बनाना होगा। सामाजिक संस्कृति पैदा करना आज की बड़ी जरूरत है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। जहां अपने-अपने क्षेत्र में उजाला फैला रही प्रतिभाओं को सम्मानित किया जा रहा है।
समारोह के मुख्य अतिथि विधायक ओ. पी. श्रीवास्तव ने इस भव्य आयोजन के लिए ख़ुशी फाउंडेशन व दिशा एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी की सराहना की और कहा कि विभिन्न क्षेत्र की महान विभूतियों का चयन एक कठिन कार्य है, जिसे संस्था ने बहुत ही शानदार तरीके से निभाया है। इसके साथ ही समाज के कमजोर वर्ग के हित में किये जा रहे उनके कार्यों को सराहा। समारोह के विशिष्ट अतिथि विधान पारिषद सदस्य संतोष सिंह ने कहा कि समाज की प्रगति केवल संसाधनों से ही नहीं बल्कि उन लोगों के समर्पण, साहस और निरन्तर प्रयासों से होती है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने कार्यक्षेत्र में असाधारण योगदान देते हैं।
विशिष्ट अतिथि पी. एस. आई. इंडिया के डिप्टी डायरेक्टर समरेन्द्र बेहरा ने कहा कि सम्मान व्यक्ति के कठिन परिश्रम, समर्पण और महत्वपूर्ण उपलब्धियों का एक प्रमाण होता है। विभिन्न क्षेत्रों की जिन महान विभूतियों को यहाँ सम्मानित किया गया वह सभी हम लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। समारोह के विशिष्ट अतिथि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री शिव भूषण सिंह ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य किसी भी व्यक्ति के जीवन की असल पूँजी होती है, जिसकी सुविधा मुहैया कराने में यह संस्थाएं जुटी हैं, जो कि सराहनीय है। इस मौके पर विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में अन्य विशिष्ट गणमान्य उपस्थित रहे।
इस मौके पर सेवा शिखर सम्मान से विशेष रूप से लखनऊ ही नहीं बल्कि देश की शान पद्मश्री डॉ. अनिल कुमार रस्तोगी, चिकित्सा के क्षेत्र में कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान, लखनऊ के निदेशक डॉ. एम. एल. बी. भट्ट, अनुभवी चिकित्सक व श्वसन रोग विशेषज्ञ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे, महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में प्रतिष्ठित लेखिका, रणनीतिकार, कौशल विकास विशेषज्ञ एवं प्रेरणादायी महिला नेतृत्वकर्ता निशा सिंह, एसजी पीजीआई की डॉ. निरुपमा सिंह, समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पी.एस.आई. इंडिया व समाजसेवी डॉ. उर्वशी साहनी, खेल के क्षेत्र में वर्ष 1988 के सियोल ओलंपिक में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले सुजीत कुमार, पत्रकारिता के क्षेत्र में रमा अरुण त्रिवेदी, आदर्श प्रकाश सिंह, मनीष पाण्डेय, हरी मोहन वाजपेयी ‘माधव’ व दिनेश श्रीवास्तव, शिक्षा के क्षेत्र में श्री जय नारायण मिश्रा पी.जी. कॉलेज, लखनऊ के प्राचार्य प्रो. कौशल किशोर शुक्ला, डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ के समाजशास्त्र विभाग की सहायक आचार्य डॉ. शिवानी कटारा, उद्यमिता के क्षेत्र में सौरभ श्रीवास्तव, कृषि के क्षेत्र में इनवायन्यान नगरी ऑर्गेनिक फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड को सम्मानित किया गया। सेवा गौरव सम्मान से सम्मानित होने वालों में पी. एस. आई. इंडिया के नीरज मिश्रा व पारुल सक्सेना, डॉ. स्वर्णिमा सिंह, डॉ. अपूर्व सिंह, अनूप श्रीवास्तव, प्रियंका शर्मा, रवीना विजयन आदि शामिल रहे।
बच्चों की भाव भंगिमाओं ने मन को मोहा :
इस मौके पर पीहू द्विवेदी द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना को सभी ने खुलकर सराहा और गार्गी द्विवेदी द्वारा प्रस्तुत नृत्य की भी सभी ने खुलकर तारीफ़ की। वहीं अन्य कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों को भी दर्शकों ने खूब सराहा।
बौद्ध संस्थान के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन :
इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध संस्थान, खुशी फाउंडेशन एवं मैक्स अस्पताल द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टर द्वारा चिकित्सीय परामर्श दिया गया। इस मौके पर लोगों ने जांच और परामर्श की सुविधा का लाभ उठाया।



















