बहराइच। शहर में भारी बारिश के बीच गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। नगर क्षेत्र में स्थापित 30 से अधिक गणेश प्रतिमाओं को श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा के साथ झिंगा घाट तट तक पहुंचाया, जहां विधि-विधान के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कमी नजर नहीं आई।
गणेश प्रतिमाओं की शोभायात्रा शहर के अलग-अलग चौराहों और प्रमुख मार्गों से होकर निकली। मौसम खराब होने और लगातार बारिश के बीच भी बड़ी संख्या में लोग शोभायात्रा में शामिल हुए। रास्ते भर श्रद्धालु गणपति बप्पा के जयकारे लगाते नजर आए। कई जगहों पर लोगों ने शोभायात्रा को देखने के लिए रुककर गणेश प्रतिमाओं के दर्शन किए।
शोभायात्राओं के झिंगा घाट पहुंचने के बाद प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर शाम तक चलता रहा। बारिश के बीच श्रद्धालु प्रतिमाओं को लेकर घाट तक पहुंचे और पूजा-अर्चना के बाद उन्हें नदी में विसर्जित किया। इस दौरान घाट और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।
विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। शहर के प्रमुख मार्गों और झिंगा घाट क्षेत्र में पुलिसकर्मी लगातार व्यवस्था संभालते रहे, ताकि शोभायात्रा और विसर्जन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। भारी बारिश के बावजूद गणेश प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव




















