जमीनी विवाद, महिला उत्पीड़न, मारपीट और पारिवारिक मामलों पर अधिकारियों को निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश
श्रावस्ती। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन के दौरान आमजन की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का शीघ्र, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में जमीनी विवाद, मारपीट, पारिवारिक विवाद, महिला संबंधी शिकायतें, रुपये के लेन-देन से जुड़े मामले तथा अन्य विभिन्न प्रकार के प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एसपी राहुल भाटी ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और निष्पक्ष समाधान पुलिस की प्राथमिकता है। जनता दर्शन के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच संवाद को मजबूत करने तथा लोगों को त्वरित न्याय दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।







