झांसी। कटेरा थाना क्षेत्र में साइबर फ्रॉड से जुड़े मामले की जांच के दौरान पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने काडौर, खोरयाना और मोरयाना गांव में एक साथ छापेमारी कर 50 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और इलाके की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल किया गया। बताया जा रहा है कि पुलिस की इस कार्रवाई में करीब 100 पुलिसकर्मी, सात क्षेत्राधिकारी (सीओ), दो बस और दो पीएसी वाहनों को लगाया गया था। देर रात पुलिस ने तीनों गांवों की घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। अचानक बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंचने से गांवों में हड़कंप मच गया। पुलिस टीमों ने कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की गई। कार्रवाई के बाद 50 से अधिक लोगों को हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई है, इनमें महिलाएं भी शामिल हैं।
हिरासत में लिए गए सभी लोगों को बसों के माध्यम से झांसी ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस साइबर फ्रॉड से जुड़े मामले में संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक पुलिस की ओर से इस कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हिरासत में लिए गए लोगों में से कितने लोगों की साइबर फ्रॉड के मामले में प्रत्यक्ष भूमिका सामने आई है और कितने लोगों से पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ा जाएगा।
तीन गांवों में देर रात तक रही पुलिस की मौजूदगी
पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई के बाद काडौर, खोरयाना और मोरयाना गांव में देर रात तक अफरातफरी का माहौल रहा। भारी पुलिस बल की मौजूदगी और ड्रोन से निगरानी के कारण ग्रामीणों में भी चर्चा बनी रही। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब जांच के नतीजों पर नजर है। पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि साइबर फ्रॉड के मामले में कितने लोग शामिल हैं और पूरे नेटवर्क का दायरा कितना बड़ा है।






