रोहित कुमार, मथुरा | अमृत उजाला न्यूज़
मथुरा के थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित कृष्णा नगर चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक संजीव सिंह ने तत्परता, ईमानदारी और कुशल पुलिसिंग का परिचय देते हुए महज दो घंटे के भीतर सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग बरामद कर उसके वास्तविक मालिक को सुरक्षित वापस सौंप दिया। पुलिस की इस सराहनीय कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने जमकर प्रशंसा की।
शनिवार शाम करीब 7 बजे औरंगाबाद निवासी सोनवीर सिंह दाऊजी विहार कॉलोनी स्थित कनिष्ठ ज्वेलर्स के संचालक बदल सिंह के यहां सोने के आभूषण लेने पहुंचे थे। बताया गया कि कार में बैठते समय उनका बैग अनजाने में रास्ते में गिर गया। बैग में लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण रखे हुए थे।
बैग गायब होने की जानकारी मिलते ही सोनवीर सिंह ने तत्काल कृष्णा नगर चौकी पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी संजीव सिंह ने अपनी टीम के साथ आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने मात्र दो घंटे के भीतर बैग बरामद कर लिया।
बरामद बैग में सोने की एक जोड़ी चूड़ियां, सोने के अन्य आभूषण, एक जोड़ी कान के टॉप्स, एक नोज रिंग तथा अन्य कीमती सामान सुरक्षित मिला। आवश्यक सत्यापन के बाद पुलिस ने पूरा सामान उसके वास्तविक मालिक को सुपुर्द कर दिया।
अपना खोया हुआ बैग वापस मिलने पर सोनवीर सिंह ने मथुरा पुलिस और विशेष रूप से चौकी प्रभारी संजीव सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई, ईमानदारी और जनसेवा की भावना की सराहना की।
क्षेत्रवासियों ने भी कृष्णा नगर पुलिस की इस कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे पुलिसकर्मियों की कार्यशैली से आम जनता का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत होता है।







