सरोजनीनगर, लखनऊ। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सरोजनीनगर ब्लॉक के लोनहा गांव में बारिश के चलते कई कच्चे मकानों की छतें और दीवारें भरभराकर गिर गईं। मलबे में दबने से घरों में रखा घरेलू सामान खराब हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय परिवार के लोग सुरक्षित स्थानों पर थे, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
ग्रामीणों के मुताबिक लगातार बारिश के कारण कच्चे मकानों की दीवारों में नमी पहुंच गई थी। इससे मकान कमजोर हो गए और रविवार को बारिश के दौरान कहीं छत तो कहीं दीवार अचानक ढह गई। मजदूर बहादुर पुत्र स्व. शिवमंगल के कच्चे मकान की छत भी बारिश के कारण गिर गई। छत गिरने से घर में रखा कुछ घरेलू सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। इसके अलावा महेंद्र सिंह पुत्र लालू सिंह, लक्ष्मी नारायण पुत्र स्व. रामसहाय और राजबहादुर पुत्र स्व. राधेलाल रावत के कच्चे मकानों की छत या दीवार गिरने की जानकारी सामने आई है।
बारिश से दिलावर, राहुल रावत और अनिल के कच्चे मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ परिवारों के सदस्य मकानों के आसपास सो रहे थे, लेकिन खतरे को देखते हुए समय रहते सुरक्षित स्थान पर चले गए। इसके चलते किसी के चोटिल होने की सूचना नहीं है। हालांकि मकानों के क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने और घर का जरूरी सामान सुरक्षित रखने की समस्या खड़ी हो गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से बारिश से क्षतिग्रस्त हुए मकानों का जल्द सर्वे कराने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रभावित परिवारों की स्थिति को देखते हुए उन्हें आर्थिक सहायता के साथ रहने और जरूरी घरेलू सामान की व्यवस्था में भी मदद मिलनी चाहिए। लगातार बारिश के बीच ग्रामीणों को अब प्रशासन की ओर से राहत और सहायता मिलने का इंतजार है।





















