जल्द लागू होगी नई प्रणाली
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वाहनों के ई-चालान की पुरानी व्यवस्था बुधवार रात से बंद कर दी गई। अब इस प्रणाली के माध्यम से नए चालान नहीं किए जाएंगे। पुरानी व्यवस्था के लंबित कार्य और आंकड़ों को नई प्रणाली में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया चल रही है। यातायात निदेशालय जल्द ही नई व्यवस्था लागू करेगा।
यातायात निदेशालय की ओर से प्रदेश के सभी संबंधित पुलिस अधिकारियों को न्यायालय और लोक अदालत से संबंधित रसीदों का डाटा रात 12 बजे से पहले अपलोड करने के निर्देश दिए गए थे। अधिकारियों के अनुसार बुधवार रात तक यह डाटा अपलोड कर दिया गया।
इसके साथ ही पुरानी ई-चालान व्यवस्था में लंबित आंकड़ों और जरूरी रिकॉर्ड को नई प्रणाली में स्थानांतरित किया जा रहा है। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद यातायात पुलिस नई व्यवस्था के माध्यम से कार्रवाई शुरू करेगी।
निदेशालय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि डाटा स्थानांतरण और रिकॉर्ड अपलोड करने की प्रक्रिया में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान की कार्रवाई नए सिस्टम के माध्यम से की जाएगी। इससे ई-चालान व्यवस्था को नए तकनीकी प्लेटफॉर्म पर संचालित करने की तैयारी है।





















