प्रयागराज। जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव की मतगणना के दौरान शनिवार को जमकर हंगामा हो गया। आरोप है कि मतगणना स्थल पर करीब 100 लोगों ने पहुंचकर बैलेट पेपर फाड़ दिए और मतपत्रों को बाहर फेंक दिया। घटना के बाद मतगणना प्रक्रिया रोक दी गई। जिला अधिवक्ता संघ ने चुनाव निरस्त करने का निर्णय लिया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मतगणना के दौरान उमाशंकर तिवारी करीब 85 वोट और ऋषि शंकर द्विवेदी करीब 160 वोट से आगे चल रहे थे। इसी दौरान बड़ी संख्या में लोगों के मतगणना स्थल में प्रवेश करने से विवाद की स्थिति पैदा हो गई।
आरोप है कि भीड़ ने मतगणना स्थल पर रखे बैलेट पेपरों को फाड़ दिया और कई मतपत्र बाहर फेंक दिए। इसके बाद मतगणना प्रक्रिया पूरी तरह बाधित हो गई और मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद जिला अधिवक्ता संघ की ओर से चुनाव को निरस्त करने का निर्णय लिया गया है। अब चुनाव प्रक्रिया दोबारा कब और किस व्यवस्था के तहत कराई जाएगी, इस पर आगे निर्णय लिया जाएगा।
फिलहाल घटना को लेकर अधिवक्ताओं के बीच भी गहमागहमी का माहौल है। चुनाव में मतगणना के दौरान हुई इस घटना के कारण चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।






