डाला/सोनभद्र। डाला पुलिस चौकी क्षेत्र में शनिवार शाम सीमेंट फैक्ट्री के आवासीय परिसर के गेट के पास सर्विस रोड पर तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार युवक घायल हो गया। हादसे में बाइक सवार दीपक कुमार अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों और सुरक्षा कर्मियों की मदद से घायल को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे दीपक कुमार बाइक से सर्विस रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से वह बाइक समेत अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। हादसे में उसे चोटें आईं।
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और निजी कंपनी के सुरक्षा कर्मियों ने घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया। बताया गया कि बाइक सवार पिकअप के सामने ही सड़क पर गिर गया था। पिकअप चालक ने समय रहते ब्रेक लगा दिया, जिससे बाइक सवार पिकअप की चपेट में आने से बच गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। फिलहाल हादसे में घायल युवक की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।






