बाराबंकी। सुमेरगंज कस्बे में रविवार को एक पागल कुत्ते ने अचानक कई लोगों पर हमला कर दिया। हमले में दर्जनभर से अधिक लोग घायल हो गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना में आशू, अतीक और विजय यादव गंभीर रूप से घायल हुए। तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बनीकोडर में प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. रमेश चंद्र ने बताया कि कुत्ते के काटने से घायल करीब एक दर्जन से अधिक लोग अस्पताल पहुंचे। सभी को एंटी रेबीज वैक्सीन सहित आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया।
लगातार हो रहे हमलों से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने पागल कुत्ते को मार दिया। घटना के बाद कस्बे के लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।








