बिसहिजन कलां। सावन के पावन महीने में गांव के श्रद्धालुओं ने इस वर्ष भी अपनी वर्षों पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 10 और 11 अगस्त को प्रयागराज से जल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। भक्तों ने सिरसा महादेव मंदिर के साथ वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में भी पहुंचकर विधि-विधान से जल चढ़ाया और गांव-परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला और हर-हर महादेव के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
जलाभिषेक के बाद गांव के हनुमान मंदिर, बिसहिजन कलां में विशेष कार्यक्रम और भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और भक्तों ने हिस्सा लिया। श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया और सभी ने मिलकर सावन की इस धार्मिक परंपरा को उत्साह के साथ मनाया। गांव में हर साल होने वाला यह आयोजन लोगों को धार्मिक आस्था के साथ-साथ एक-दूसरे से जुड़ने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का अवसर भी देता है।
कार्यक्रम में समाजसेवी एवं संरक्षक अधिवक्ता मनीष कुमार द्विवेदी, अध्यक्ष अनुज शुक्ल, उपाध्यक्ष राहुल शुक्ल, कोषाध्यक्ष मनीष गुप्ता व रविंद्र गुप्ता समेत सामाजिक कार्यकर्ता पुष्पेंद्र तिवारी, आर्यन तिवारी, पंकज गुप्ता, आकाश गुप्ता और अन्य कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। इस मौके पर अधिवक्ता मनीष कुमार द्विवेदी ने ग्रामीणों से आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ रहने की अपील करते हुए कहा कि महादेव सभी का कल्याण करें और पूरे गांव पर अपनी कृपा बनाए रखें।
आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। मनीष शुक्ल, रतन तिवारी, देवेश तिवारी, आलोक तिवारी, सौरव शुक्ल, विजय कुमार गुप्ता, उमेश गुप्ता, लवकुश सोनी, रंग बहादुर सेठ, प्रिंस तिवारी, सुनील गुप्ता, निकिल गुप्ता, गोपाल सेठ, शिवांग द्विवेदी, शिवाय द्विवेदी, भानू तिवारी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में भी यह धार्मिक आयोजन इसी श्रद्धा, सेवा और आपसी सद्भाव के साथ जारी रहेगा।






















