श्रावस्ती के विकास भवन सभागार में बुधवार को सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं के शुभारंभ का लाइव प्रसारण किया गया। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भारत टैक्सी योजना का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही किसानों को कम ब्याज दर पर दीर्घकालिक ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना और उसके ई-पोर्टल की भी लॉन्चिंग की गई। कार्यक्रम के दौरान सहकारिता विभाग के उर्वरक सेतु मोबाइल ऐप और उत्तर प्रदेश को-ऑपरेटिव डेटाबेस सेंटर के UPCDC मोबाइल ऐप का भी शुभारंभ किया गया।
लखनऊ से प्रसारित कार्यक्रम को श्रावस्ती में हाफेड के अध्यक्ष नवलेश प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता प्रेमशंकर, सहकारी ग्राम विकास बैंक शाखा भिनगा के प्रबंधक विजय चंद्र मिश्र सहित सहकारी समितियों के सभापति, कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसानों ने देखा। कार्यक्रम का उद्देश्य इन योजनाओं की जानकारी सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों और आमजन तक पहुंचाना रहा, ताकि किसान और समिति से जुड़े सदस्य उपलब्ध सुविधाओं का लाभ आसानी से उठा सकें।
इस मौके पर हाफेड अध्यक्ष और जिला पंचायत अध्यक्ष ने पांच किसानों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने किसानों को सहकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं और उनके लाभ के बारे में जानकारी दी। वहीं हाफेड अध्यक्ष ने सहकारिता क्षेत्र में संचालित योजनाओं और किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम में किसानों ने भी योजनाओं से जुड़ी जानकारी को ध्यान से सुना।
कार्यक्रम के समापन पर सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित अतिथियों, समिति सभापतियों और किसान भाइयों का आभार जताया। अधिकारियों ने कहा कि नई योजनाओं और डिजिटल माध्यमों के जरिए किसानों को ऋण, उर्वरक और सहकारी सेवाओं से जुड़ी जानकारी तक आसान पहुंच देने का प्रयास किया जा रहा है। विकास भवन सभागार में आयोजित यह कार्यक्रम जिले के सहकारी क्षेत्र और किसानों के बीच योजनाओं की जानकारी साझा करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बना।





















