श्रावस्ती, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस को लेकर श्रावस्ती जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में 15 अगस्त के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। डीएम ने कहा कि इस बार भी स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरा करने और कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित ढंग से कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सरकारी और गैर सरकारी भवनों, कार्यालयों तथा संस्थानों में विशेष साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रीय ध्वज निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए और किसी भी स्थिति में फटे या पुराने ध्वज का इस्तेमाल न किया जाए। स्वतंत्रता दिवस पर सुबह 8 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा, जबकि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सूर्यास्त के समय ध्वजावतरण होगा।
स्वतंत्रता दिवस के दिन जिले में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुबह छह बजे बालकों की पांच किलोमीटर क्रॉसकंट्री रेस कलेक्ट्रेट गेट से शुरू होकर हरिहरपुर मोड़ तक जाएगी, जबकि बालिकाओं की दौड़ स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगी। सुबह सात बजे जूनियर हाईस्कूल भिनगा के मैदान में प्रभातफेरी और मानव श्रृंखला का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा स्कूलों में चिकित्सा शिविर, भाषण एवं वाद-विवाद, पेंटिंग और क्विज प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
शाम चार बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम में वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। डीएम ने सभी अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपयुक्त स्थानों पर पौधरोपण कराने के भी निर्देश दिए हैं। वहीं 14 और 15 अगस्त की रात जिले के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर तोरण द्वार बनाए जाएंगे। बैठक में अपर जिलाधिकारी ललित कुमार, एसडीएम प्रवीण कुमार यादव, एसडीएम भिनगा आशीष भारद्वाज समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






















