श्रावस्ती। मल्हीपुर थाना क्षेत्र के वीरगंज चौराहे पर शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक शादी की जिद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही मल्हीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया। इस दौरान युवक के परिजन भी मौके पर मौजूद रहे।
क्षेत्राधिकारी भिनगा भरत पासवान ने बताया कि आठ अगस्त 2026 को वीरगंज चौराहे से सूचना मिली थी कि एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया है। सूचना मिलते ही मल्हीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने युवक के परिजनों की मौजूदगी में उसे समझाकर सकुशल टावर से नीचे उतार लिया।
पूछताछ में युवक की पहचान अनिल कुमार निवासी सतरहिया, जनपद बहराइच के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, युवक ने बताया कि वह प्रेम-प्रसंग के चलते युवती से शादी करने की जिद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ा था।
पुलिस ने मौके पर युवक और युवती के परिजनों को बुलाकर मामले को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद युवक को थाने लाया गया, जहां उससे आवश्यक पूछताछ की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी के मुताबिक, मामले में आवश्यक तथ्यों की जांच की जा रही है। पूछताछ और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






