बाराबंकी के चंद्रभान अस्पताल के पास देर रात हुआ हादसा, एक युवक जिला अस्पताल रेफर; अज्ञात वाहन चालक फरार
बाराबंकी। लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंद्रभान अस्पताल के पास शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने पीछे से एक वैगनआर कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार चार युवक घायल हो गए, जबकि टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, चारों युवक लखनऊ से मवई की ओर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैगनआर कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद राहगीरों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामसनेहीघाट पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद अब्दुल्ला शेर (21), निवासी नरौली, थाना मवई की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं आजाद हुसैन (20), निवासी नरौली, विवेक श्रीवास्तव (24), निवासी हुसेनगंज, थाना पटरंगा तथा अरसूर अली (20), निवासी नरौली, थाना मवई का प्राथमिक उपचार कर घर भेज दिया गया।
पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
#Barabanki, #RoadAccident, #LucknowAyodhyaHighway, #WagonR, #AccidentNews, #UPNews








