सुल्तानपुर के कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुंभी डुड़िया स्थित मनराजी शिक्षण संस्थान में शिक्षक दंपती की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने सोमवार को बताया कि चोरी के इरादे से संस्थान में घुसे दो आरोपितों ने विरोध करने पर शिक्षक मुकेश कुमार सिंह और उनकी पत्नी विनीता सिंह पर फावड़े से हमला कर दिया था। वारदात के बाद दोनों नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले में कुंभी डुड़िया निवासी राकेश कुमार यादव (36) और आशीष यादव उर्फ डब्बू यादव (36) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर की रात मनराजी शिक्षण संस्थान में शिक्षक दंपती की हत्या की सूचना मिलने के बाद मामले की जांच के लिए एसओजी, सर्विलांस समेत कई टीमें लगाई गई थीं। जांच में सामने आया कि राकेश कुमार यादव संस्थान में कंप्यूटर सीखने के लिए आता-जाता था। इसी दौरान उसे कार्यालय, चाबी, अलमारी और वहां रखी नकदी के बारे में जानकारी हो गई। पुलिस का कहना है कि इसी जानकारी के आधार पर दोनों ने संस्थान में चोरी करने की योजना बनाई थी।
पुलिस के अनुसार, रात में चोरी करने पहुंचे दोनों आरोपितों को शिक्षक दंपती ने देख लिया और विरोध किया। पकड़े जाने के डर से आरोपितों ने फावड़े से दोनों पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों संस्थान से नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 34,960 रुपये की चोरी की रकम, मृतका विनीता सिंह का आधार कार्ड, वारदात में इस्तेमाल फावड़ा और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद पकड़े जाने के डर से मृतका का मोबाइल फोन कुएं में फेंक दिया गया था। पूछताछ में राकेश ने पुलिस को बताया कि संस्थान में कंप्यूटर सीखने के दौरान उसे वहां की गतिविधियों और रखी नकदी की जानकारी हो गई थी। पुलिस का कहना है कि इसी जानकारी का फायदा उठाकर दोनों ने चोरी की साजिश रची, लेकिन शिक्षक दंपती के विरोध के बाद मामला दोहरे हत्याकांड में बदल गया।





















