सुल्तानपुर। भारी बारिश के कारण गोमती नदी और अन्य नदियों व जलाशयों का जलस्तर बढ़ने के साथ जलप्रवाह भी तेज हो गया है। इसे देखते हुए सुलतानपुर पुलिस ने गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सार्वजनिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने गणेश पूजा समितियों और श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से कहा है कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन केवल प्रशासन की ओर से निर्धारित सुरक्षित स्थलों और कृत्रिम विसर्जन कुंडों में ही करें। गहरे पानी, तेज धारा और प्रतिबंधित या असुरक्षित घाटों पर जाने से बचें। बच्चों, बुजुर्गों और तैरना नहीं जानने वाले लोगों को पानी के पास न जाने देने की भी अपील की गई है।
एडवाइजरी में विसर्जन स्थलों पर तैनात पुलिस, एसडीआरएफ और गोताखोरों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग, समय और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की भी हिदायत दी गई है। पुलिस ने वाहनों को नदियों और जलाशयों के किनारे तक नहीं ले जाने की सलाह दी है।
सुलतानपुर पुलिस ने कहा है कि किसी व्यक्ति के डूबने या लापता होने की स्थिति में तत्काल पुलिस या राहतकर्मियों को सूचना दें। बिना प्रशिक्षण के खुद नदी में उतरकर बचाव करने का प्रयास न करें। पुलिस ने श्रद्धालुओं से सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से प्रतिमा विसर्जन करने तथा पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की है।



















