अयोध्या। राम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा में तैनात एसएसएफ जवान अमित यादव की गुरुवार रात अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। करीब 30 वर्षीय जवान की मौत की वजह हार्ट अटैक होने की आशंका जताई जा रही है। उनकी मौत की खबर से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
अमित यादव की ड्यूटी राम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा व्यवस्था में लगी थी। उनकी मूल तैनाती गोंडा जनपद में थी, जबकि वर्तमान में वह अयोध्या में सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। गुरुवार रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।
शुक्रवार को जवान के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस उनका शव लेकर पैतृक गांव मुगीसपुर पहुंची। शव गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
अमित यादव अयोध्या के तारुन थाना क्षेत्र के मुगीसपुर गांव के निवासी थे। जवान की असमय मौत से परिवार के साथ पूरे गांव में शोक का माहौल है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।





















