सुल्तानपुर। जनपद के वरिष्ठ पत्रकार एवं एएनआई-न्यूज 24 के संवाददाता मंजुल निगम का उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आते ही सुल्तानपुर के पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। पत्रकारों और शुभचिंतकों ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया।
मंजुल निगम सुल्तानपुर के डाकघर चौराहा क्षेत्र के निवासी थे। बताया गया कि वह लीवर संबंधी बीमारी से पीड़ित थे और पिछले कई दिनों से लखनऊ स्थित विवेकानंद अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
मंजुल निगम के निधन की खबर से जिले के पत्रकारों में शोक का माहौल है। पत्रकारिता से जुड़े लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके साथ बिताए समय और उनके योगदान को याद किया। उनके निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।
पत्रकारों और परिचितों ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की। सभी ने इस दुख की घड़ी में परिवार को संबल प्रदान करने की कामना की। ॐ शांति।





















