सुल्तानपुर के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बुधवार को थाना अखंडनगर का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था और थाने में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय की व्यवस्थाओं और अभिलेखों के रख-रखाव को देखा और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने कंप्यूटर कक्ष और CCTNS कार्य, मिशन शक्ति केंद्र, संबंधित अभिलेख, मालखाना, बंदीगृह, शस्त्रागार, थाना कार्यालय, अभिलेखागार और जनसुनवाई व आगंतुक व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने मालखाने में रखे सामान की सुरक्षा और अभिलेखों के व्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इसके अलावा पुलिस अधीक्षक ने मेस, बैरक और पुलिसकर्मियों के आवासीय परिसर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर में स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। जनशिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के साथ सरकारी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने और अपराध व अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए। उन्होंने रात्रि गश्त बढ़ाने, क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखने और आमजन के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने को कहा।





















