आमने-सामने बैठे तो हुआ गलती का अहसास
परिवार परामर्श केंद्र की काउंसिलिंग से सुलझा वैवाहिक विवाद, मिठाई खिलाकर दी गई विदाई
मैनपुरी/भोगांव। थाना कोतवाली परिसर स्थित परिवार परामर्श केंद्र में शुक्रवार को एक दंपती ने आपसी मतभेद भुलाकर नए सिरे से वैवाहिक जीवन शुरू करने का संकल्प लिया। केंद्र की काउंसिलिंग के दौरान दोनों को अपनी गलतियों का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने भविष्य में विवाद न करने और जीवनभर साथ निभाने का वादा किया। केंद्र के सदस्यों ने दंपती को मिठाई खिलाकर विदा किया।
परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी मोनिका चौधरी, सदस्य प्रज्ञा चौहान, ममता भदौरिया, साधना तिवारी तथा महिला आरक्षी सोनू कुमारी की टीम ने सपना पत्नी अंकित कुमार निवासी उधमपुर नरेनी, थाना भोगांव से संबंधित मामले की सुनवाई की। काउंसिलिंग के दौरान पति-पत्नी को आमने-सामने बैठाकर उनकी समस्याएं सुनी गईं और आपसी संवाद के माध्यम से मतभेद दूर करने का प्रयास किया गया।
बातचीत के दौरान दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी गलतियों को स्वीकार किया और भविष्य में आपसी समझ, विश्वास और सहयोग के साथ जीवन व्यतीत करने की सहमति जताई। इसके बाद परिवार परामर्श केंद्र के सदस्यों ने दोनों को शुभकामनाओं के साथ विदा किया।
केंद्र प्रभारी ने बताया कि परिवार परामर्श केंद्र का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कर टूटते रिश्तों को जोड़ना है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को अन्य 10 प्रकरणों की सुनवाई के लिए अगली तिथि निर्धारित की गई है।








