नकदी व जेवरात समेट ले गए चोर
पीछे के रास्ते घर में घुसे बदमाश, 3.60 लाख रुपये नकद समेत सोने-चांदी के जेवर चोरी; पुलिस जांच में जुटी
बाराबंकी। जिले के रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उमापुर राय साहब में शुक्रवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर घर के पीछे के रास्ते से घुसे और आंगन में लगी लोहे की सरिया काटकर अंदर प्रवेश कर गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित धीरेन्द्र शुक्ला ने बताया कि शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर पीछे के रास्ते से छत पर पहुंचे और आंगन में लगी लोहे की जाली की सरिया काटकर घर के भीतर दाखिल हो गए। इसके बाद चोरों ने कमरे में रखी अलमारी और बक्सों के ताले तोड़ दिए।
पीड़ित के अनुसार चोर सोने का हार, झुमकी, भेसर, मांगबंदी, अंगूठी तथा चांदी की पायजेब, करधनी, हाथफूल और पायल के अलावा करीब 3.60 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि यह नकदी खेत बेचने के बाद मकान निर्माण के लिए घर में रखी गई थी।
पीड़ित ने यह भी दावा किया कि चोर घर के अंदर कोई संदिग्ध पाउडर छोड़ गए, जिससे परिवार के सदस्यों को संदेह है कि इसका इस्तेमाल उन्हें बेहोश करने या गहरी नींद में रखने के लिए किया गया होगा। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे उनकी पत्नी कुशमा की नींद खुली तो घर के दरवाजे खुले मिले और सामान बिखरा पड़ा था। शोर मचाने पर परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद डायल-112 पर सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर द्विवेदी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।







