उन्नाव। तकीनगर मोहल्ले में रविवार रात जर्जर गेस्ट हाउस के तीसरी मंजिल का कुछ हिस्सा टूटकर नीचे खड़ी कार पर गिर गया। इससे वह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि घटना दिन में नहीं हुई, वर्ना कई लोग चपेट में आते।
शहर के धवनरोड निवासी उस्मान का तकीनगर मोहल्ले में गेस्ट हाउस है। बिल्डिंग पुरानी होने से संचालन बंद है। रविवार की रात तीसरी मंजिल की दीवार और छज्जे का जर्जर हिस्सा अचानक गिर गया। पास में ही खड़ी कंजी निवासी रावी की कार क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास के दुकानदारों ने बताया कि जिस जगह हादसा हुआ है, वहां, दिन भर भीड़ लगी रहती है। गनीमत रही कि घटना रात में हुई।
कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि मौके पर पुलिस गई थी। कार क्षतिग्रस्त हुई है। मलबा पड़ा हुआ था, उसे गेस्टहाउस मालिक को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। अगर कोई शिकायत आती है तो कार्रवाई की जाएगी।








