लखनऊ: उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और आकाशीय बिजली से हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। अतिवृष्टि के कारण जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में उतरकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और जरूरतमंद परिवारों तक समय पर मदद पहुंचाई जाए।
सीएम योगी ने अतिवृष्टि और आकाशीय बिजली से हुए नुकसान का 24 घंटे के भीतर आकलन कर प्रभावित लोगों को मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को नुकसान का आकलन जल्द पूरा कर प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए कहा गया है, ताकि उन्हें आर्थिक मुश्किलों से उबरने में मदद मिल सके।
मुख्यमंत्री ने आम लोगों से भी खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली और भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। साथ ही अतिवृष्टि के समय नदियों और जलाशयों में स्नान करने से बचें और विशेष सावधानी बरतें।





















