श्रावस्ती: जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने किसानों और आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार बरसात के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। बारिश के कारण रोजमर्रा की गतिविधियों पर भी असर पड़ रहा है।
फसलों पर मंडराया नुकसान का खतरा
लगातार बारिश से धान, उड़द, मक्का समेत कई फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। खेतों में पानी भरने के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों को डर है कि अगर बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा, तो उनकी मेहनत पर पानी फिर सकता है।
रोजगार और रोजमर्रा की जिंदगी पर असर
बारिश ने घर से बाहर निकलकर रोजी-रोटी कमाने वाले लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं। लगातार बरसात के कारण दैनिक कामकाज प्रभावित हो रहा है। काम के सिलसिले में बाहर जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़कों पर जलभराव से आवागमन प्रभावित
जिले के गिलौला और इकौना क्षेत्र की कई सड़कों पर बारिश का पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है। जलभराव के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। लगातार बारिश से एक ओर किसान फसलों को लेकर चिंतित हैं, तो दूसरी ओर आम लोग जलभराव और बिगड़े जनजीवन से जूझ रहे हैं।
रिपोर्ट: मनीष श्रीवास्तव





















